Published on: 22 Oct 2026
इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर के वाणिज्य विभाग के 'कॉमर्स क्लब' द्वारा 'एड-मेनिया' विज्ञापन निर्माण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में वाणिज्य विभाग के स्नातक व स्नातकोत्तर विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा अपनी रचनात्मकता, नवाचार और विपणन कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. असीम मिगलानी ने कार्यक्रम के सफल आयोजन पर वाणिज्य विभाग एवं 'कॉमर्स क्लब' को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि इस प्रकार के व्यावहारिक और नवाचार-आधारित आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, रणनीतिक सोच और उन्हें उद्योग जगत की आवश्यकताओं के अनुकूल ढालने में अत्यंत सहायक सिद्ध होते हैं। उन्होंने आगे कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक युग में युवाओं के भीतर छुपी उद्यमिता और नेतृत्व क्षमता को निखारने के लिए विश्वविद्यालय ऐसे मंच निरंतर प्रदान करता रहेगा, जिससे हमारे छात्र भविष्य में सफल उद्यमी और कॉरपोरेट लीडर बन सकें।
कार्यक्रम के मुख्य संरक्षक एवं वाणिज्य विभाग के अध्यक्ष प्रो. रवींद्र ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि, "आज के आधुनिक और अत्यधिक प्रतिस्पर्धी दौर में केवल पुस्तकीय ज्ञान ही पर्याप्त नहीं है। सच्चा और सफल व्यावसायिक वही है जो अपने नवाचार और रचनात्मक विचारों से समाज व बाजार को नई दिशा दे सके।" उन्होंने आगे कहा कि इस तरह के मंच विद्यार्थियों में व्यावहारिक सोच, रणनीतिक क्षमता और नेतृत्व कौशल विकसित करते हैं, जो उन्हें कॉर्पोरेट जगत की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार करते हैं।
वाणिज्य संकाय की डीन एवं कॉमर्स क्लब की निदेशक प्रो. अदिति शर्मा ने विद्यार्थियों के नवाचार एवं उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि, "इस तरह की प्रतियोगिताओं का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में रणनीतिक सोच विकसित करना और उन्हें वास्तविक कॉर्पोरेट दुनिया की विपणन चुनौतियों से रूबरू कराना है।"
प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागी टीमों ने पर्यावरण-अनुकूल उत्पादों एवं आधुनिक सेवाओं की थीम पर आधारित आकर्षक पावरपॉइंट प्रस्तुतीकरण दिए। विद्यार्थियों ने इको-फ्रेंडली पेंसिल, यूपीआई पेमेंट ऐप, परफ्यूम ब्रांड, हैंड वॉश, बेकिंग सर्विसेज और सोंधी मिट्टी की खुशबू पर आधारित 'पेट्रीचोर' जैसे लीक से हटकर और मौलिक विषयों पर अपने विज्ञापन तैयार किए। छात्रों ने इन अवधारणाओं को प्रभावशाली टैगलाइन्स, जिंगल्स और व्यावहारिक विपणन रणनीतियों के माध्यम से दर्शकों और निर्णायकों के समक्ष प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिता में पारदर्शी, सूक्ष्म एवं निष्पक्ष मूल्यांकन के लिए विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों से प्रतिष्ठित विषय विशेषज्ञों को निर्णायक मंडल में शामिल किया गया, जिसमें डॉ. देवेंद्र (एसोसिएट प्रोफेसर, अर्थशास्त्र विभाग), डॉ. पवन कुमार (सहायक प्रोफेसर, होटल एवं पर्यटन प्रबंधन विभाग), डॉ. मेघा (सहायक प्रोफेसर) और डॉ. मंजीत (सहायक प्रोफेसर) शामिल रहे। निर्णायक मंडल ने सभी टीमों द्वारा प्रस्तुत विचारों, टैगलाइन्स, प्रस्तुतिकरण और मार्केटिंग इनसाइट्स का गहराई से आंकलन किया तथा विद्यार्थियों को व्यावहारिक सुझाव दिए।
प्रतियोगिता के विजेता:
कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद निर्णायक मंडल द्वारा परिणामों की घोषणा की गई:
*प्रथम स्थान: राहुल एवं कीर्ति
*द्वितीय स्थान: खुशी एवं नेहा
*तृतीय स्थान: वंशिका एवं दिव्या
कार्यक्रम को सफलता की ऊँचाइयों तक पहुँचाने में कॉमर्स क्लब के संयोजक डॉ. ईश्वर शर्मा एवं सह-संयोजक डॉ. संदीप पुरवा का दूरदर्शी नेतृत्व, उत्कृष्ट मार्गदर्शन और कुशल संयोजन अत्यंत सराहनीय रहा। डॉ. ईश्वर शर्मा ने कार्यक्रम की संपूर्ण रूपरेखा आयोजित की और कहा कि कॉमर्स क्लब का उद्देश्य विद्यार्थियों के भीतर छिपी प्रतिभा को तराशना और उनमें आत्मविश्वास का संचार करना है।
कार्यक्रम में मंच का कुशल एवं प्रभावी संचालन डॉ. प्रियंका रंगा द्वारा किया गया, जबकि डॉ. संदीप यादव ने संपूर्ण आयोजन के प्रबंधन एवं व्यवस्था में सराहनीय योगदान दिया।
कार्यक्रम के अंत में सह-संयोजक डॉ. संदीप पुरवा ने औपचारिक धन्यवाद भाषण प्रस्तुत किया। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत किए गए नवीन विचारों, रचनात्मक टैगलाइन्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टूल्स के बुद्धिमत्तापूर्ण प्रयोग की सराहना करते हुए मुख्य अतिथियों, निर्णायकों, शिक्षकवृंद एवं सभी सहभागी विद्यार्थियों का सहृदय आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के समापन पर विजेता एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों को प्रमाण-पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर वाणिज्य विभाग के अन्य शिक्षकगण, शोधार्थी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।